Board Exam Tips 2025: देश भर में बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। सीआईएससीई की परीक्षा आज यानी 13 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। वहीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं आगामी 15 फरवरी 2025 से शुरू हो रही है। बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कुछ राज्यों में बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं।

बोर्ड परीक्षा का तनाव बहुत होता है। परीक्षा का समय बच्चों और माता-पिता दोनों के लिए तनावपूर्ण समय होता है। हर बच्चा अच्छे मार्क्स लाने के लिए दिन रात मेहनत करता है और इस प्रक्रिया में अक्सर बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से तनाव का सामना करना पड़ता है। बोर्ड परीक्षा का तनाव उनके आत्मविश्वास को कमजोर कर सकता है और उनके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। इसलिए माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे इस स्थिति में अपने बच्चों की सही तरीके से मदद करें। तनाव को कम करना न केवल बच्चों के अच्छे प्रदर्शन के लिए आवश्यक है बल्कि उनके समग्र विकास और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।
परीक्षा का प्रेशर हर बच्चे के लिए एक समान होता है। स्कूली बच्चों के लिए यह एक बड़ी चुनौती होती है, लेकिन माता-पिता की सही मदद से इस तनाव को कम किया जा सकता है। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान बच्चे के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए माता-पिता का योगदान महत्वपूर्ण होता है। वे परीक्षा के तनाव को कम करने में बच्चों की मदद कर सकते हैं और सकारात्मक वातावरण बनाकर आप अपने बच्चे को सफल और तनाव-मुक्त महसूस करा सकते हैं।
बोर्ड परीक्षा तनाव कैसे कम करें? Board Exam Tips in Hindi
यहां तमाम बोर्ड परीक्षा की तैयारी में दिन रात लगे हुए बच्चों के लिए हम कुछ महत्वपूर्ण टिप्स बता रहे हैं। इस लेख में हम चर्चा करेंगे कि कैसे परीक्षा के तनाव को कम किया जा सकता है और माता-पिता कैसे अपने बच्चों की मदद कर सकते हैं।
1. परीक्षा योजना और समय प्रबंधन
माता-पिता के लिए आवश्यक है कि वे बोर्ड परीक्षा के दौरान बच्चे की बेहतरीन तैयारी के लिए एक प्रभावी योजना बनाएं। बच्चों को यह सिखाएं कि परीक्षा से पहले सही समय प्रबंधन कितना महत्वपूर्ण होता है। एक टाइम टेबल बनाएं जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ आराम और खेल का भी समय हो। हर विषय को पर्याप्त समय दें और कठिन विषयों के लिए अधिक ध्यान दें।
2. बच्चों पर अतिरिक्त दबाव न डालें
कई बार माता-पिता अच्छे अंक की उम्मीद में बच्चों पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। इस दबाव से बच्चों में तनाव बढ़ता है और उनके आत्मविश्वास में कमी आती है। इसलिए माता-पिता को बच्चों से बात करनी चाहिए और उन्हें यह विश्वास दिलाना चाहिए कि परीक्षा के अंक ही सब कुछ नहीं होते। अपने बच्चे की क्षमता को पहचानें और उसके आत्मविश्वास को बढ़ावा दें।
3. पर्याप्त आराम और नींद जरूरी
तनाव कम करने के लिए बच्चों को पर्याप्त आराम और नींद की जरूरत होती है। अतिरिक्त और लगातार पढ़ाई के कारण बच्चे को दिमागी थकान हो सकती है। थका हुआ दिमाग सही तरीके से काम नहीं कर सकता। इसलिए हर अभिभावक बच्चों को प्रतिदिन कम से कम 7-8 घंटे की नींद लेने की सलाह दें। नींद से शरीर और दिमाग को आराम मिलता है, जिससे वे नई जानकारी को अच्छी तरह से ग्रहण कर सकते हैं।
4. अच्छा खाना खाएं और ध्यान रखें
हर विशेषज्ञ का मानना है कि बोर्ड परीक्षा के समय बच्चों के लिए सही और पौष्टिक भोजन बेहद जरूरी होता है। स्वस्थ और पौष्टिक भोजन से बच्चों की एनर्जी और एकाग्रता बनी रहती है। बच्चों के खाने में फलों, सब्जियों और प्रोटीन युक्त आहार को उनके भोजन में शामिल करें। कैफीन और जंक फूड से दूर रखें क्योंकि ये बच्चों में तनाव को और बढ़ा सकते हैं।
5. रिलैक्सेशन तकनीक सिखाएं
बोर्ड परीक्षा के तनाव को दूर करने के लिए अपने बच्चों को रिलैक्सेशन तकनीकें सिखाएं। जैसे, गहरी सांस लेना, ध्यान (मेडिटेशन), और योग। ये तकनीकें तनाव को कम करने में सहायक होती हैं। जब भी बच्चे को तनाव महसूस हो, उन्हें गहरी सांस लेकर थोड़ी देर के लिए आराम करने के लिए कहें। इससे उनका दिमाग शांत होगा और वे बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे।
6. सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें
बोर्ड परीक्षा देने वाले बच्चों को अक्सर नकारात्मक सोच घेर लेती हैं। अपने बच्चे को परीक्षा के दौरान सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित करें। बच्चों को यह सिखाएं कि वे अपनी नकारात्मक सोच को सकारात्मक विचारों में बदलें। उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि वे जो भी प्रयास कर रहे हैं, वह पर्याप्त है और उन्हें खुद पर भरोसा रखना चाहिए। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और तनाव कम होगा।
7. अपने बच्चे को सामान्य ब्रेक्स का महत्व समझाएं
लगातार पढ़ाई करने से मानसिक थकान हो सकती है। बच्चों को नियमित ब्रेक्स लेने की सलाह दें। ध्यान रखें कि आपका बच्चा 45 मिनट की पढ़ाई के बाद 10-15 मिनट का ब्रेक ले रहा हो। इसमें बच्चे आराम कर सकें, थोड़ी ताजगी महसूस कर सकें या कोई हल्की फुल्की गतिविधि कर सकें।
8. बच्चे की बातें सुनें और उनके सवालों का समाधान निकालें
बोर्ड परीक्षा के दौरान बच्चे बहुत दबाव में होते हैं। इस दौरान बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें। अगर वे किसी विषय को पढ़ने और समझने में में कठिनाई का सामना कर रहे हैं तो उनकी मदद करें। यदि परीक्षा को लेकर उन्हें तनाव हो रहा है, तो उनकी बातें सुनें और समाधान निकालने की कोशिश करें। इससे वे खुद को अकेला महसूस नहीं करेंगे। माता-पिता का मानसिक और भावनात्मक जुड़ाव बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
9. एक्ट्रा एक्टिविटी बंद रखें
बोर्ड परीक्षा के समय बच्चों को अनावश्यक गतिविधियों से दूर रखें। बच्चों को अधिक ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रखने में मदद करें, हालांकि उन्हें पूरी तरह से खेल या मनोरंजन से न रोकें। इन गतिविधियों को संतुलित तरीके से करें ताकि पढ़ाई में रुकावट न आए।
10. रिजल्ट की चिंता न करें
फाइनल बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट की अत्यधिक चिंता से बच्चों पर तनाव बढ़ सकता है। उन्हें समझाएं कि परिणाम उनके प्रयासों पर निर्भर करता है और जीवन में सफलता केवल परीक्षा के अंक से नहीं आंकी जाती। उन्हें जीवन में हमेशा अपने प्रयासों को महत्व देना सिखाएं।


Click it and Unblock the Notifications











