विश्व बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप प्रोग्राम (World Bank Graduate Scholarship Program - WBGSP) 2025 एक प्रतिष्ठित और वैश्विक छात्रवृत्ति योजना है, जो विकासशील देशों के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मास्टर डिग्री हासिल करने का अवसर प्रदान करती है।

इस योजना के अंतर्गत भारत सहित उन सभी देशों के छात्र आवेदन कर सकते हैं जो विश्व बैंक के सदस्य और विकासशील राष्ट्रों की सूची में आते हैं। यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम विश्व बैंक द्वारा प्रशासित किया जाता है।
विश्व बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप के लिए पात्रता मानदंड क्या है?
WBGSP उन छात्रों के लिए है जो किसी भागीदार विश्वविद्यालय (Participating University) के मास्टर डिग्री कार्यक्रम में दाखिला ले चुके हैं। इस स्कॉलरशिप के लिए वही छात्र पात्र होंगे जो निम्नलिखित योग्यताओं को पूरा करते हैं:
• विश्व बैंक के किसी विकासशील सदस्य देश के नागरिक हों।
• मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम तीन वर्ष पूर्व स्नातक (Bachelor's) की डिग्री प्राप्त कर चुके हों।
• स्नातक के बाद कम से कम तीन वर्षों का विकास से संबंधित कार्य अनुभव रखते हों।
• आवेदन के समय पूर्णकालिक (फुल-टाइम) रूप में विकास क्षेत्र में कार्यरत हों।
नोट: जिन उम्मीदवारों को पहले यह स्कॉलरशिप दी गई थी लेकिन उन्होंने उसका लाभ नहीं उठाया या पढ़ाई अधूरी छोड़ दी, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकते।
WBGSP विश्व बैंक ग्रेजुएट स्कॉलशिप से आपको क्या लाभ मिलेगा?
इस स्कॉलरशिप के अंतर्गत छात्रों को निम्नलिखित वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी:
• ट्यूशन फीस: चयनित छात्रों की संपूर्ण ट्यूशन फीस का भुगतान किया जाएगा।
• मेडिकल बीमा: विश्वविद्यालय के माध्यम से मिलने वाला मूलभूत स्वास्थ्य बीमा कवर किया जाएगा।
• आवास एवं जीवन व्यय: छात्र को हर महीने एक निश्चित राशि दी जाएगी जिससे वह आवास, भोजन, किताबें आदि जैसी सभी आवश्यकताओं को पूरा कर सके।
• यात्रा भत्ता: अपने देश से विश्वविद्यालय तक आने-जाने के लिए इकोनॉमी क्लास का राउंड-ट्रिप हवाई किराया और प्रत्येक यात्रा के लिए 600 अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त यात्रा भत्ता मिलेगा।
नोट: इस स्कॉलरशिप के अंतर्गत वीज़ा शुल्क, परिवार के खर्च, कंप्यूटर, एक्स्ट्रा कोर्स या अन्य शोध गतिविधियां शामिल नहीं होतीं।
विश्व बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप प्रोगाम 2025 के लिए आवेदन तिथि
इस स्कॉलरशिप के लिए दो आवेदन विंडो निर्धारित की गई थी, जिसके लिए विंडो 1- 13 जनवरी दोपहर 12:00 बजे से 28 फरवरी दोपहर 12:00 बजे तक खोली गई थी। जबकि विंडो 2 के लिए 25 मार्च 2025, दोपहर 12:00 बजे से आवेदन आरंभ होंगे और 23 मई 2025 को दोपहर 12:00 बजे समाप्त होंगे।
वर्ल्ड बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप के आवेदन के लिए डायरेक्ट लिंक-
डब्लयूबी ग्रेजुएट स्कॉलरशिप के लिए चयन प्रक्रिया
प्रत्येक आवेदन को दो स्वतंत्र मूल्यांककों द्वारा जांचा जाएगा और 1 से 10 के पैमाने पर स्कोर दिया जाएगा। मूल्यांकन के चार मुख्य आधार होंगे:
• व्यावसायिक अनुभव की गुणवत्ता – 30%
• अनुशंसा पत्रों की गुणवत्ता – 30%
• देश के प्रति प्रतिबद्धता – 30%
• शैक्षणिक पृष्ठभूमि – 10%
साथ ही, चयन के दौरान इन बातों को भी ध्यान में रखा जाएगा:
• भौगोलिक और लैंगिक विविधता सुनिश्चित करना
• आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्राथमिकता देना
• उम्मीदवारों द्वारा सामना की गई कठिन परिस्थितियां
वर्ल्ड बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप के लिए नियम और शर्तें
• इस स्कॉलरशिप के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका में अध्ययन करने वाले प्राप्तकर्ताओं को अपने शैक्षणिक प्रवास के लिए J-1 वीज़ा प्राप्त करना होगा। क्योंकि विश्व बैंक के अनुसार अमेरिका में प्रवेश के लिए किसी अन्य प्रकार के वीज़ा का उपयोग करने से डब्ल्यूबीजीएसपी स्कॉलरशिप तत्काल समाप्त हो जाएगी।
• जिन आवेदकों को कई डब्ल्यूबीजीएसपी सहभागी मास्टर कार्यक्रमों में बिना शर्त स्वीकृति (लंबित निधि) प्राप्त होती है, उन्हें अपना डब्ल्यूबीजीएसपी आवेदन जमा करने से पहले यह चुनना होगा कि वे किस कार्यक्रम के लिए छात्रवृत्ति निधि चाहते हैं।
• आवेदकों को आवेदन पत्र जमा करने से पहले अनुशंसा अनुरोध फ़ॉर्म जमा करना होगा।
• आवेदकों को अनुशंसाकर्ता की ओर से अनुशंसा पत्र के किसी भी भाग का मसौदा तैयार करने की अनुमति नहीं है।
गौरतलब है कि विश्व बैंक ग्रेजुएट स्कॉलरशिप प्रोग्राम 2025, उन होनहार और समर्पित छात्रों के लिए एक अनूठा अवसर है, जो वैश्विक शिक्षा प्राप्त कर अपने देश के विकास में योगदान देना चाहते हैं। यदि आप योग्य हैं और आपके पास आवश्यक अनुभव है, तो इस सुनहरे मौके को हाथ से न जाने दें। समय रहते आवेदन करें और अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की उड़ान भरें!
विभिन्न स्कॉरलशीप 2025 के संबंध में अधिक जानकारी के लिए आप Buddy4study.com की आधिकारिक वेबसाइट विजिट कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











