राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित समारोह में तकरीबन 17 बच्चों को सात श्रेणियों में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और कहा कि पूरे देश और समाज को उन पर गर्व है।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि आप सब बच्चों ने असाधारण काम किये हैं। बच्चों ने विभिन्न क्षेत्रों में अद्भुत उपलब्धियां हासिल की हैं। आपके पास असीमित क्षमताएं हैं और अतुलनीय गुण हैं। उन्होंने कहा कि आपने देश के बच्चों के लिए एक मिसाल कायम की है। राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चों को अवसर प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को पहचानना हमारी परंपरा का हिस्सा रहा है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस परंपरा को और मजबूत किये जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब हम भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे, तब ये पुरस्कार विजेता देश के प्रबुद्ध नागरिक होंगे। ऐसे प्रतिभाशाली लड़के-लड़कियां विकसित भारत के निर्माता बनेंगे। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्र प्रशासित राज्यों के स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गौरतलब हो कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार कुल 7 अलग-अलग श्रेणियों में बच्चों को दिया गया है। इसमें कला, संस्कृति, नवाचार, वीरता, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, खेल और पर्यावरण मुख्य हैं।


Click it and Unblock the Notifications











