West Bengal SSC Scam: पश्चिम बंगाल में एसएससी परीक्षाओं पर प्रश्न चिह्न लग गया है। राज्य में शिक्षकों की भर्ती को लेकर पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के बाद इस मुद्दे ने देश भर में शिक्षक भर्ती प्रणाली पर कई सवाल खड़े किए हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को उन सभी पात्र अभ्यर्थियों को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया, जिनकी स्कूलों में नौकरियां सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद चली गईं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि योग्य उम्मीदवारों की सेवा में कोई बाधा न आए और वे बेरोजगार न रहें। (west bengal ssc recruitment)
पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह बयान ममता बनर्जी ने कोलकाता में प्रभावित शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ एक बैठक में दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग अन्यायपूर्ण तरीके से नौकरी से निकाले गए हैं, मैं उनके साथ खड़ी हूं। मैं किसी की परवाह नहीं करती, आपकी गरिमा लौटाना मेरा कर्तव्य है।"
25,753 शिक्षकों और स्टाफ की नियुक्ति अमान्य
गौरतलब हो कि बीते 3 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 25,753 शिक्षकों और स्टाफ की नियुक्तियों को अमान्य करार देते हुए भर्ती प्रक्रिया को "भ्रष्ट और त्रुटिपूर्ण" बताया था। इसके बाद राज्य में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा संकट खड़ा हो गया। ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसे अभ्यर्थियों की सेवा निरंतरता बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। उन्होंने यह भी कहा, "हम उन्हें बेरोजगार नहीं रहने देंगे। हम सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं ताकि कोई अन्याय न हो।"
"मैं उन भर्तियों के बारे कुछ नहीं जानती"- ममता
मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि उनकी सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन साथ ही प्रशासन इस स्थिति को "संवेदनशीलता और निष्पक्षता" के साथ संभाल रहा है। इस मामले में अपना नाम घसीटे जाने पर उन्होंने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा, "मैं उन भर्तियों के बारे में कुछ नहीं जानती। अगर किसी को लगता है कि मुझे सज़ा मिलनी चाहिए तो मैं जेल जाने को भी तैयार हूं।"
ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों यानी भारतीय जनता पार्टी और माकपा पर निशाना साधते हुए कहा, "कुछ लोग शिक्षा प्रणाली को पूरी तरह से बर्बाद करने की साजिश कर रहे हैं। यह एक गंदा खेल है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ खड़ी है और उनकी गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।


Click it and Unblock the Notifications











