UP Board Exam 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 24 फरवरी 2025 यानी सोमवार से किया। यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सोमवार को लगभग 54 लाख से ज़्यादा छात्र अंतिम परीक्षा में शामिल हुए। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन कक्षा 10वीं के छात्रों ने सुबह के सत्र में हिंदी का पेपर लिखा, जबकि दोपहर का समय हेल्थकेयर के पेपर के लिए छात्र उपस्थित हुए। वहीं कक्षा 12वीं के छात्रों ने अपने पहले सत्र में मिलिट्री साइंस की परीक्षा लिखी, और दूसरे सत्र में छात्र हिंदी पेपर के लिए परीक्षा में शामिल हुए।

गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाएं पूरे राज्य में 8,140 केंद्रों पर आयोजित की गईं। बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण लॉजिस्टिकल उपलब्धि हासिल करते हुए 54,37,233 योग्य उम्मीदवारों को शामिल किया। प्रयागराज में परीक्षाएं महाकुंभ की भीड़ के कारण 9 मार्च को पुनर्निर्धारित की गई। यह निर्णय हाल में चल रहे महाकुंभ के लिए शहर में बढ़ती भीड़ के कारण लिया गया है। इस तनावपूर्ण अवधि के दौरान छात्रों का समर्थन करने के लिए यूपीएमएसपी ने तत्काल सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों के साथ-साथ सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सक्रिय एक हेल्पडेस्क की स्थापना की।
क्या कहते हैं यूपी बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्र
यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का कहना है कि परीक्षा का स्तर सामान्य रहा। कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए उपस्थित हुए छात्र अक्षय ने कहा कि परीक्षा के दौरान पूछे गए अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम में शामिल हैं। अक्षय ने बताया कि यूपी बोर्ड हाई स्कूल फाइनल परीक्षा के पहले दिन की शुरुआत अच्छी रही। परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र को देख कर घबराहट नहीं हुई और निर्धारित समय सीमा में प्रश्नों को हल करने में सफल रहे।
वहीं यूपी बोर्ड कक्षा 12वीं का छात्रा प्रियंका ने बताया कि परीक्षा के लिए बनाई गई योजना सफल रही। पहले दिन परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों की कठिनाई का स्तर सामान्य था। प्रियंका कहती है कि आने वाले परीक्षा के दौरान मैं अपनी स्ट्रेटजी को ही फॉलो करूंगी। इससे परीक्षा के दौरान मुझे तनाव कम होगा और मैं अच्छे से अपना ध्यान परीक्षा के विषयों पर केंद्रित रख पाउंगी। प्रियंका कहती है, आने वाले दिनों में विभिन्न विषयों के लिए चिंता बस एक ही है कि सारे सवाल पाठ्यक्रम का हिस्सा हों।
... ताकि सुरक्षित और निष्पक्ष रहें यूपी बोर्ड परीक्षाएं
यूपीएमएसपी बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए गए है। परीक्षा के दौरान छात्रों की निगरानी के लिए 10,000 से अधिक हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए। परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के साथ इसमें प्रश्नपत्र स्ट्रांगरूम के चारों ओर ज़ूम-सक्षम कैमरे शामिल हैं। यूपी बोर्ड ने निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा वातावरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उनसे आग्रह किया कि वे अपनी परीक्षाओं में लगन और तनाव मुक्त मानसिकता के साथ भाग लें। उनके संदेश ने इस महत्वपूर्ण समय में छात्र समुदाय के लिए सरकार के समर्थन को रेखांकित किया।


Click it and Unblock the Notifications
