Sarkari Naukri: अरुणाचल प्रदेश में इंजीनियरों की भर्ती में बड़ा बदलाव किया गया है। दरअसल, अरुणाचल प्रदेश सरकार ने इंजीनियर पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सहायक और कनिष्ठ इंजीनियरों की सीधी भर्ती के लिए कॉमन एग्जाम स्कीम को मंजूरी दी गई है।

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसरा, अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर इस साझा परीक्षा योजना का सिलेबस तय करेगा। इस कदम से न केवल भर्ती प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि चयन में पारदर्शिता और समान अवसर भी सुनिश्चित होंगे। अरुणाचल प्रदेश के युवाओं को सहायक और कनिष्ठ इंजीनियरिंग नौकरी के लिए राहत मिलेगी। इन निर्णयों से अरुणाचल प्रदेश में न केवल प्रशासनिक सुधार होंगे, बल्कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे।
उम्र सीमा में एक बार की छूट
कैबिनेट ने उन अभ्यर्थियों को राहत दी है जो पुराने विज्ञापनों यानी 2024 से पहले के निरस्त होने से आवेदन नहीं कर सके थे। ऐसे उम्मीदवारों को एक बार के लिए ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी, ताकि वे पुनः आवेदन कर सकें, बशर्ते वे निर्धारित अन्य शर्तों को पूरा करते हों। बता दें कि कैबिनेट ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस सेवा (चौथा संशोधन) नियम, 2025 को अधिसूचित करने की भी मंजूरी दी। यह संशोधन एपीपीएस नियम, 1989 में बदलाव करेगा और इससे कैडर प्रबंधन, पदोन्नति और रैंक संरचना अधिक सुव्यवस्थित होगी।
जनस्वास्थ्य विभाग में 280 नई भर्तियां
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में, सोमवार को कैबिनेट ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जल आपूर्ति विभाग (PHED & WS) में 280 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है। इससे न केवल वर्षों से सेवा दे रहे कर्मियों की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा, बल्कि नई भर्तियों के अवसर भी खुलेंगे, जिससे विभाग की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। वित्त, योजना एवं निवेश विभाग ने 16वें वित्त आयोग को भेजे जाने वाले ज्ञापन का प्रस्तुतीकरण दिया। विचार-विमर्श के बाद कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को भी अपनी मंजूरी प्रदान की। इंजीनियरिंग और पुलिस सेवा के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा मौका है।


Click it and Unblock the Notifications











