भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम 2025-26 एक महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज के वंचित वर्गों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है।

यह स्कॉलरशिप अनुसूचित जाति (SC), विमुक्त घुमंतू और अर्ध-घुमंतू जनजातियों, भूमिहीन कृषि मजदूरों और पारंपरिक कारीगरों के लिए विशेष रूप से शुरू की गई है। जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज, 27 अप्रैल 2025 है।
बता दें कि नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम 2025-26 का उद्देश्य इन समुदायों से आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विदेशों की प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री या पीएच.डी. करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। चयनित विद्यार्थियों को प्रति वर्ष 15,400 अमेरिकी डॉलर (लगभग 12.8 लाख रुपए) की मेंटेनेंस अलाउंस के रूप में सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, अन्य लाभ भी योजना के तहत दिए जाएंगे।
नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम के लिए पात्रता मानदंड
इस स्कीम के अंतर्गत आवेदन करने के लिए निम्नलिखित पात्रता शर्तें आवश्यक हैं:
• आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2025 को 35 वर्ष से कम होनी चाहिए।
• आवेदक का संबंध अनुसूचित जाति, विमुक्त/अर्ध-घुमंतू जनजाति, भूमिहीन कृषि मजदूर या पारंपरिक कारीगर समुदाय से होना चाहिए।
• मास्टर डिग्री के लिए स्नातक में और पीएच.डी. के लिए मास्टर डिग्री में कम से कम 60% अंक प्राप्त होना अनिवार्य है।
• परिवार की वार्षिक आय 8,00,000 रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।
नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप स्कीम के लिए आवेदन प्रक्रिया
योग्य छात्र इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:
1. आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और 'Apply Now' बटन पर क्लिक करें।
2. नई रजिस्ट्रेशन के लिए 'Register' बटन पर क्लिक करें। पहले से रजिस्टर्ड उम्मीदवार लॉगिन करें।
3. डैशबोर्ड पर 'Candidate Registration' बटन पर क्लिक करें और आवश्यक जानकारी भरें।
4. व्यक्तिगत विवरण, पता, विदेश विश्वविद्यालय की जानकारी आदि भरें।
5. शैक्षणिक, व्यावसायिक और वीजा संबंधित जानकारी भरें।
6. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन जमा करें।
आवश्यक दस्तावेजों की सूची निम्न प्रकार है-
• 10वीं की मार्कशीट
• जाति प्रमाण पत्र
• पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर
• वर्तमान या स्थायी पता प्रमाण
• शैक्षणिक प्रमाण पत्र और मार्कशीट
• विदेशी विश्वविद्यालय से प्रवेश संबंधित दस्तावेज
• परिवार की आय प्रमाण पत्र
• आयकर रिटर्न की प्रति
• आधार कार्ड
• यदि कार्यरत हैं, तो नियोक्ता से अनापत्ति प्रमाण पत्र
• 6 महीने से अधिक का एजुकेशनल गैप हो तो गैप सर्टिफिकेट
गौरतलब है कि यह स्कॉलरशिप स्कीम भारत सरकार की एक प्रशंसनीय पहल है जो शिक्षा को समावेशी और सुलभ बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इस स्कॉलरशिप स्कीम से संबंधित अधिक विवरण के लिए उम्मीदवार Buddy4study की वेबसाइट पर जा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











