ICAI CA Final Exams: चार्टर्ड एकाउंटेंट परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए एक अच्छी खबर है। कई समय से उम्मीदवारों की मांग थी कि चार्टर्ड एकाउंटेंट परीक्षा वर्ष में तीन बार आयोजित की जाए। इसके तहत इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए फाइनल परीक्षाओं के शेड्यूल में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

इस वर्ष यानी 2025 से चार्टर्ड एकाउंटेंट परीक्षाएं सालाना दो सत्रों के बजाए अब से तीन सत्रों में आयोजित की जाएंगी। गुरुवार 27 मार्च को की गई इस घोषणा का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ तालमेल बिठाना और छात्रों को अपनी परीक्षा देने के लिए अधिक अवसर प्रदान करना है। इस बदलाव के तहत जनवरी, मई और सितंबर में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इससे छात्रों के लिए अपनी परीक्षा के प्रयासों की योजना बनाने में फ्लेक्सिबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा।
गुरुवार 27 मार्च को नई दिल्ली में 441वीं परिषद बैठक के दौरान, आईसीएआई ने यह निर्णय सार्वजनिक किया। यह व्यावसायिक शिक्षा और परीक्षा ढांचे को बढ़ाने की व्यापक रणनीति को दर्शाता है। यह परिवर्तन पिछले साल की परीक्षाओं के आधार पर किया गया है। बता दें कि पिछले वर्ष आईसीएआई ने इंटरमीडिएट और फाउंडेशन पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा समय-सारिणी को संशोधित किया था। अब अंतिम परीक्षाओं को शामिल करने के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंसी पाठ्यक्रम के सभी तीन स्तर नई त्रैवार्षिक समय-सारिणी का पालन करेंगे।
उक्त जानकारी साझा करने के क्रम में आईसीएआई ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ तालमेल बनाए रखने और छात्रों को अतिरिक्त अवसर प्रदान करने के लिए, आईसीएआई की 26वीं परिषद ने सीए फाइनल परीक्षा वर्ष में तीन बार आयोजित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे पहले परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती थी।"
इसके अतिरिक्त, आईसीएआई ने सूचना प्रणाली लेखा परीक्षा में पोस्ट क्वालिफिकेशन कोर्स में अपडेट की घोषणा की। इसमें मूल्यांकन परीक्षा भी जून और दिसंबर में अपने पिछले द्विवार्षिक कार्यक्रम के विपरीत फरवरी, जून और अक्टूबर में तीन बार प्रति वर्ष आयोजित की जाएगी। आईसीएआई के अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा, उपाध्यक्ष सीए. प्रसन्ना कुमार डी और अन्य परिषद सदस्यों ने व्यावसायिक शिक्षा और परीक्षाओं प्रणाली को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत इन संशोधनों पर विचार-विमर्श किया।
इस नए पहल से छात्रों को अपनी परीक्षाएं पास करने के बेहतर अवसर मिलने और प्रमाणित पेशेवर बनने की उनकी यात्रा में तेज़ी आने की उम्मीद है। आईसीएआई संस्थान ने संकेत दिया है कि नए परीक्षा कार्यक्रम और संबंधित दिशा-निर्देशों के बारे में अधिक जानकारी जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम से छात्रों के लिए योग्यता प्रक्रिया को सरल बनाने, इसे और अधिक कुशल और लचीला बनाने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications











