BPSC Protest in Patna: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर गुरुवार को अभ्यर्थियों ने पटना में आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें तुरंत वहां से हटा दिया, यह कहते हुए कि "निषिद्ध क्षेत्र में सभा की अनुमति नहीं है।"

पटना जिला अधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज नहीं किया गया, लेकिन यातायात बाधित करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह इलाका पुलिस मुख्यालय, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के नजदीक स्थित है। पुलिस ने चार लोगों को प्रदर्शन भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जबकि 30 अन्य को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। गिरफ्तार लोगों में पटना के एक ट्यूटर, रामांशु मिश्रा भी शामिल हैं।
सचिवालय और कोतवाली थाना में कुल 350 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। बीपीएससी उम्मीदावरों की प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए चारों लोगों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पटना जिला मैजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल अधिकांश लोग पटना के निवासी नहीं थे, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से आए थे। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने बैली रोड खाली करने से इनकार कर दिया, जो कि एक निषिद्ध क्षेत्र है और वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। इस बीच पटना हाईकोर्ट शुक्रवार को 13 दिसंबर को आयोजित परीक्षा को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करेगा।


Click it and Unblock the Notifications











