6,448 Schools Selected for PM SHRI Scheme: प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (PM SHRI) योजना के तहत भारत के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कई स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए चुना गया है। इन स्कूलों को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत चुना गया है। चुने गए स्कूलों की कुल संख्या 6,448 है।

इससे साथ आपको बता दें कि अगले पांच वर्षों में कुल 14,500 स्कूलों के अपग्रेड होने के लिए योजना बनाई गई है, जिसके लिए कैबिनेट ने बजट भी पास कर दिया है। जैसा की आपको बताया कि ये पूरी योजना नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कार्य कर रही है। एनईपी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए पीएम श्री योजना (PM SHRI Scheme) कई मिलियन छात्रों के लिए लाभदायक होगी।
पिछले साल यानी 2022 में सितंबर के माह में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 14,500 स्कूलों को आने वाले 5 वर्षों में उन्नयन (अपग्रेड) करने के लिए करीब 27,360 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना के माध्यम से लगभग 1.8 मिलियन छात्रों को लाभ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पीएम श्री योजना के लिए भारत के 2,00,000 से अधिक स्कूलों ने आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की गई थी और आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन की गई थी।
स्कूलों का चयन किस आधार पर किया गया
पीएम श्री योजना के लिए स्कूलों का चयन निम्नलिखित चरणों के आधार पर किया गया-
1. राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा एनईपी को लागू करने के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करना।
2. योजना के तहत चुने गए स्कूलों को यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इनफार्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस (यूडीआईएसई+) के डाटा के अनुसार मान्यता दी गई हो।
3. सभी चुने गए स्कूलों को पीएम श्री के स्टेटस के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी।
जिन मानदंडों के आधार पर स्कूलों को पीएम श्री के लिए चुना जाएगा, वह इस प्रकार है -
1. पाठ्यक्रम, शिक्षा शास्त्र और मूल्यांकन
2. पहुंच और बुनियादी ढांचा
3. मानव संसाधन नेतृत्व
4. समावेशी प्रथाएं और लैंगिक समानता
5. प्रबंधन, निगरानी और शासन
6. लाभार्थी संतुष्टि
इन चरणों और मानदंडों को पास करने के लिए स्कूलों को कम से कम 70 प्रतिशत स्कोर प्राप्त करने की आवश्यकता है। लेकिन यदि स्कूल ग्रामीण क्षेत्र से है तो उसे कम से कम 60 प्रतिशत स्कोर प्राप्त करने की आवश्यकता है। जिसके आधार पर ही स्कूलों का चयन किया जाएगा।
मंत्रालय द्वारा साझा किया डाटा
पीएस श्री योजना के लिए जिस राज्य से सबसे अधिक स्कूलों को चुना गया है, उन स्कूलों का डाटा मंत्रालय द्वारा साझा किया है। साझा किए डाटा के अनुसार सबसे अधिक स्कूलों का चुनाव क्रमशः उत्तर प्रदेश (928), आंध्र प्रदेश (662), तेलंगाना (543), महाराष्ट्र (516), मध्य प्रदेश (416) और राजस्थान (402) से किया गया है।
इसके अलावा जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से स्कूलों का चयन किया गया है वह हैं - गुजरात (274), असम (266), पंजाब (241), जम्मू और कश्मीर (233), कर्नाटक (129), और हरियाणा (124)। इससे अलग 735 केंद्रीय विद्यालयों और 317 नवोदय विद्यालयों के स्कूलों का चयन किया गया है।
मंत्रालय द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार "राज्यों/संघ शासित प्रदेशों से परियोजना अनुमोदन बोर्ड (PAB) की बैठकों के लिए वार्षिक कार्य योजना और बजट (AWP&B) प्रस्ताव तैयार करने का अनुरोध किया जाता है। इसके अलावा, राज्य PM SHRI योजना के मानदंडों के अनुसार राज्य मिलान शेयरों का भी प्रस्ताव कर सकते हैं। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से पीएम श्री योजना के वित्तपोषण के लिए एक अलग एकल नोडल एजेंसी (एसएनए) नामित करने का भी अनुरोध किया गया है।"
आगे इस योजना के सफल होने के बारे में कहा गया कि "पीएम श्री योजना की सफलता सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग और समन्वय पर निर्भर करेगी।"
चुने गए नए स्कूलों पर मीडिया से बात करते हुए एक अधिकारी ने कहा कि - "6,448 स्कूलों को पहले दौर के लिए कुछ मानदंडों को पूरा करने के लिए चुनौती पद्धति के आधार पर चुना गया है। उपरोक्त बेंचमार्क स्कूलों के स्कूलों ने ही शर्तों को पूरा किया।"
क्या फायदा होगा पीएम श्री स्कूलों से
पीएस श्री योजना के तहत अपग्रेड किए स्कूलों में छात्रों को आधुनिक, परिवर्तनकारी और समग्र तरीकों से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालयों, प्रयोगशालाओं, कला कक्ष के साथ खेल उपकरणों आदि के साथ बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जाएगा। इतना ही नहीं जल संरक्षण, ऊर्जा-कुशल, अपशिष्ट पुनर्चक्रण और ग्रीन स्कूल के रूप में भी इसे विकसित किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications











